जिम जाने के बाद भी वजन नहीं घट रहा? कारण जानकर चौंक जाएंगे
![]() |
| Why Isn't Your Weight Dropping Even After Going to the Gym? |
सभी की एक समस्या है—वर्कआउट करने के बाद भी वजन नहीं घटता। आखिर क्यों? कहाँ गलती हो रही है? आइए, आज जानते हैं।
"मुझे जिम भी जाना है और सब कुछ भी खाना है। स्वाद पर मेरी जीभ का बस नहीं है। शाम को बर्थडे पार्टी है, जमकर केक और पिज्जा खाएँगे। अब बताइए, वजन कैसे घटेगा?"
उपरोक्त तंज ही सबसे बड़ी समस्या की ओर इशारा करता है।
खाने की आदत
भोजन हमारे शरीर में ईंधन का काम करता है। जैसे हम अपनी गाड़ी में मिलावटी पेट्रोल नहीं डाल सकते, तो अपने शरीर के लिए गलत खान-पान का चुनाव कैसे कर लेते हैं?
यदि हम घर से बाहर हैं और अच्छा खाना नहीं मिल पा रहा है, तथा मजबूरी में बाहर का खाना ही खाना पड़े, तब भी बाज़ार में खाने के कई विकल्प होते हैं। सही विकल्प चुनकर हम अपने शरीर के लिए पौष्टिक भोजन का चयन कर सकते हैं।
जैसे यदि मेरे सामने पिज्जा और कचौरी हो, तो मैं कचौरी को चुनूँगा। और यदि केक और जलेबी में से चुनना हो, तो मैं जलेबी को चुनूँगा। फास्ट फूड की अपेक्षा पारंपरिक भोजन बेहतर होता है।
फैट बर्निंग के सफर में यह ज़रूरी है कि आप संतुलित भोजन करें। आपको खाना कम नहीं करना है, बल्कि सही भोजन करना है।
कुछ लोगों का सवाल होगा कि फिर वजन कैसे घटेगा? तो मैं यहाँ स्पष्ट कर दूँ कि हमें फैट घटाना है, न कि केवल वजन। आप ही बताइए, आप तो पिछले कई वर्षों से वही खाना खा रहे हैं, फिर आपका वजन क्यों बढ़ा?
जवाब है—बढ़ती निष्क्रियता और उम्र के साथ धीमी होती पाचन शक्ति।
अब आप समझ चुके होंगे कि आपको क्या करना होगा।
आहार को सही करें, कम नहीं।
खाना कम न करें, बल्कि संतुलित करें। सही चीज़ों को अपनी थाली में जोड़ें। आपको वही सादा खाना खाना है, बस उसमें सलाद और फल भी शामिल करें।
क्या होता है जब आप खाना कम कर देते हैं?
ज़्यादातर लोग यही गलती करते हैं। खाना कम करने पर शरीर में ऊर्जा नहीं रहती और थकान होने लगती है। फिर आप या तो व्यायाम कर ही नहीं पाएँगे, और यदि करेंगे भी, तो कम कर पाएँगे। ऐसा होने पर आपका वेट लॉस तो नहीं होगा, लेकिन मसल लॉस ज़रूर हो सकता है।
कहने का अर्थ यही है कि खाना कम करना उपाय नहीं है। यह देखिए कि आप क्या खा रहे हैं। यदि आपका भोजन सही है, तो बस रोज़ 1 घंटा वॉक करें और 10 से 15 मिनट व्यायाम करें। लंबे समय तक नियमित रहें और हर तीन महीने में समीक्षा करें कि आप पहले से कितने फिट हुए हैं। यदि आप इंच लॉस कर पा रहे हैं, तो यह चिंता छोड़ दीजिए कि आपका वजन कम नहीं हो रहा है।
लगातार वॉकिंग और व्यायाम करने से नई मांसपेशियों का निर्माण होता है। और एक बात जान लीजिए कि मांसपेशियाँ वसा की तुलना में अधिक घनी होती हैं।
इसलिए कई बार हमें वेट मशीन पर कोई विशेष अंतर दिखाई नहीं देता।
अतः वजन की चिंता छोड़िए और अपनी दिनचर्या का एक घंटा प्रतिदिन व्यायाम को दीजिए। कुछ महीनों बाद परिणाम देखकर आप स्वयं चकित रह जाएँगे।
आपकी राय क्या है?
क्या आप भी नियमित वॉक या वर्कआउट करने के बाद भी वजन कम न होने की समस्या का सामना कर रहे हैं? आपको क्या लगता है, इसकी सबसे बड़ी वजह क्या है?
अपनी राय और अनुभव नीचे कमेंट में ज़रूर साझा करें। यदि यह लेख आपको उपयोगी लगा हो, तो इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ भी शेयर करें, ताकि वे भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
डिस्क्लेमर
यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के लिए है। यदि आपको कोई गंभीर बीमारी या विशेष स्वास्थ्य समस्या है, तो डॉक्टर या योग्य डाइटिशियन की सलाह अवश्य लें।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें